महिला महाविद्यालय हल्द्वानी के वाणिज्य विभाग में हुई बजट पर चर्चा

उत्तराखंड लाइव नैनीताल

आज दिनांक 26 फरवरी 2026 को इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय हल्द्वानी में प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा की अध्यक्षता में वाणिज्य विभाग द्वारा बजट पर चर्चा हेतु संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्राचार्य ने संगोष्ठी का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस प्रकार की संगोष्ठियां विद्यार्थियों को समसामयिक आर्थिक विषयों से जोड़ने में सहायक होती हैं तथा उनमें तार्किक सोच और जागरूक नागरिक बनने की भावना विकसित करती हैं।
संगोष्ठी के आयोजक सचिव डॉ0 रितुराज पंत ने बताया कि विद्यार्थियों में बजट संबंधी समझ विकसित करने के उद्देश्य से एक विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की प्रमुख घोषणाओं, आर्थिक नीतियों, राजस्व एवं व्यय संरचना तथा उनके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर सार्थक चर्चा करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विभाग प्रभारी डॉ0 दिनेश जोशी द्वारा विषय की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए की गई। डॉ0 जोशी ने बजट की अवधारणा, इसकी आवश्यकता, निर्माण प्रक्रिया तथा आम नागरिक, उद्योग, व्यापार, शिक्षा और रोजगार पर पड़ने वाले प्रभावों को सरल भाषा में समझाया। विशेष रूप से विद्यार्थियों को यह बताया गया कि बजट किस प्रकार देश की आर्थिक दिशा तय करता है और युवा वर्ग इसमें कैसे अपनी भूमिका समझ सकता है।
संगोष्ठी संयोजक डॉ0 फकीर सिंह ने बताया कि इस संगोष्ठी में छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए बजट से जुड़े प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए। चर्चा सत्र में कर प्रणाली, महंगाई, विकास योजनाएं, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधानों पर विशेष ध्यान दिया गया।
संगोष्ठी का संचालन डॉ0 रेखा जोशी ने किया इस अवसर पर डॉ0 दिनेश चंद्रा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply