डीजीसीए ने इंडिगो सीईओ और दूसरे अफसरों को किया तलब

दिल्ली दिल्ली लाइव राष्ट्रीय

नई दिल्ली, नीलू सिंह। इंडिगो सीईओ पीटर एलबर्स के दावे के बावजूद उड़ानों का संचालन समान्य नहीं हो सका है। सूत्रों के अनुसार इंडिगो संकट के नौंवे दिन देश के तीन बड़े एयरपोर्ट से 220 सेवाएं रद्द रहीं। वहीं नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो के सीईओ को संकट से जुड़े संपूर्ण आंकड़ों के साथ गुरुवार को डीजीसीए कार्यालय में दोपहर तीन बजे पेश होने को कहा है।
डीजीसीए ने कहा है कि सीईओ के साथ सभी महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे। नियामक ने कंपनी से कहा है कि बैठक के दौरान वे विमान सेवा सुचारू बनाने से जुड़े आंकड़ों, पायलट और क्रू सदस्यों की भर्ती योजना के साथ मौजूदा समय में पायलट और क्र सदस्यों की संख्या, कितने विमान रद्द हुए और रिफंड की स्थिति समेत अन्य जरूरी जानकारी पेश करेंगे। मालूम हो इंडिगो सीईओ ने मंगलवार को दावा किया था कि विमान सेवा पटरी पर लौट गई है। इसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने सीईओ के साथ बैठक के बाद इंडिगों की उड़ानों में दस फीसदी कटौती का ऐलान किया था। इस अनुसार इंडिगो रोजाना 2200 उड़ानों का संचालन करता है। इस हिसाब से 220 उड़ानों की कटौती होगी। डीजीसीए ने इंडिगो पर पहरा बढ़ा दिया है। बुधवार को जारी आदेश में नियामक ने आठ अधिकारियों का नाम तय किया है जो विमान कंपनी से जुड़ी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। आठ सदस्यों की टीम से दो सदस्य रोजाना इंडिगो के गुरुग्राम स्थित मुख्यालय एम्मार कैपिटल टॉवर-2 में तैनात रहेंगे। ये कंपनी के विमान बेड़े, पायलट संख्या, नेटवर्क, क्रू सदस्यों का प्रयोग, प्रशिक्षण, क्रू सदस्यों की संख्या, रोजाना उड़ानों की संख्या और उपलब्ध क्रू सदस्यों के साथ अतिरिक्त स्टाफ का पूरा ब्यौरा रखेंगे। डीजीसीए द्वारा जारी आदेश में दो अन्य अधिकारियों को मुख्यालय में तैनात किया गया है। एईडी के उप-निदेशक ऐशवीर सिंह और वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी मणि भूषण को भी मुख्यालय में तैनात किया गया है। ये दोनों लोग मुख्यालय में रहते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रद्द होने की स्थिति, रिफंड, समय पर उड़ान संचालन, यात्रियों को मुआवजा और बैगेज वापसी से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे। दोनों टीमें शाम छह बजे डीजीसीए के संयुक्त महानिदेशक जेपी पांडे को अपनी रिपोर्ट पेश करेंगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों ने मुंबई- कोलकाता समेत अन्य एयरपोर्ट का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विमानों के संचालन के साथ यात्री सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई। मंत्रालय के संयुक्त सचिव मधु सूदन शंकर ने मुंबई एयरपोर्ट का दौरा किया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि हालात सामान्य हो गए हैं। विमान रद्द होने की सूचना यात्रियों को छह घंटे पहले दी जा रही। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने कहा कि सभी टर्मिनल पर विमानों का संचालन सामान्य हो गया है। इंडिगों की उड़ानों में कटौती के बाद दूसरी विमान कंपनियां अपना दायरा बढ़ाने में जुट गई हैं। स्पाइसजेट सर्दियों के समय मांग को पूरा करने के लिए 100 अतिरिक्त विमानों का संचालन करने की योजना बना रही। कंपनी ने बुधवार को बताया कि यात्रियों की जरूरत को पूरा करने के लिए योजना पर काम जारी है। हमे इस मामले में मंजूरी का इंतजार है। इस बार सर्दियों के शेड्यूल में हर सप्ताह 1568 यानी रोज 224 उड़ानों की अनुमति है। पिछले साल की तुलना में ये करीब 21 फीसदी अधिक है। स्पाइस जेट ने कहा है कि बीते दो महीने में उसने 17 नए विमानों को बेड़े में शामिल किया है। कंपनी के पास कुल 32 विमान हैं जिसमें बोइंग 737 विमानों की संख्या 28 और क्षेत्रीय जेट की संख्या चार है। वहीं 36 विमान नौ दिसंबर तक ग्राउंडेड थे। कंपनी ने कहा कि अभी पूरा जोर विमानों का अत्यधिक इस्तेमाल करने पर है जिससे यात्रा को सुगम बनाया जा सके। बेड़े में शामिल दूसरे विमानों को भी उड़ाने की योजना बन रही है जिससे विमान संचालन नेटवर्क को मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply