हरियाणा में झूठ नहीं विकास की गारंटी की हुई जीत : मोदी

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राज्य

नई दिल्ली, देव कुमार।
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव में मिली जीत को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह जीत कांग्रेस की झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी पर मुहर है। भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस देश में जाति का जहर फैलाने में लगी हुई है और दलित, आदिवासी और पिछड़ों से नफरत करती है। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस के इस षड्यंत्र को पहचान लिया और उसे करारा जवाब दिया है। हरियाणा का संदेश साफ है कि भारत में देश विरोधी राजनीति नहीं चलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर में यह ऐतिहासिक चुनाव है जो कि भारत के संविधान के दायरे पूरी तरह हुआ शांतिपूर्ण ढंग से हुआ है। कुछ लोग कहते थे कि अनुच्छेद 370 हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर जल जाएगा, लेकिन जला तो नहीं और खूबसूरत होकर खिला और खिलखिला रहा है। अब जम्मू-कश्मीर में हर स्तर पर जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि काम करेंगे। प्रधानमंत्री ने अपने चार स्तंभों किसान, युवा, महिला और गरीबों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके बलबूते पर विकसित भारत बनने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है।
विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पीएम मोदी ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा, यह चुनाव अभूतपूर्व है क्योंकि हरियाणा ने पहली बार किसी दल को लगातार तीसरी बार सत्ता सौंपी है। वहीं जम्मू-कश्मीर में भारतीय संविधान के पूर्ण दायरे में पहली बार चुनाव शांतिपूर्वक पूरे हुए हैं। जम्मू-कश्मीर की जीत भारत के संविधान और लोकतंत्र की जीत है। वहां के लोगों ने कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस गठबंधन को ज्यादा सीटें दी हैं, इसके लिए उन्हें शुभकामनाएं, लेकिन वोट प्रतिशत से देखें तो भाजपा वहां पर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा की जीत को विकास और सुशासन की जीत बताते हुए कहा कि वहां पर हर जाति और वर्ग ने भाजपा को वोट दिया है। हरियाणा की जनता ने इतिहास रचा है। 1966 में राज्य बनने के बाद हरियाणा में 13 चुनाव हुए हैं और वहां पर सरकारें बदलती रही है, लेकिन पहली बार किसी सरकार को 5 साल के दो कार्यकाल पूरे होने के बाद तीसरी बार बहुमत मिला, जो यह अभूतपूर्व है। हरियाणा की जनता ने भाजपा को छप्पर फाड़ कर वोट दिया है। गीता की धरती पर सत्य, विकास और सुशासन की जीत हुई। हरियाणा की ताकत भाजपा को और मजबूती देगी। आज के जनादेश से भारत अधिक सुरक्षित होगा और कठिन फैसले लेने के लिए मजबूती देगा। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह पूरी तरह परजीवी पार्टी बन गई है। अकेली चुनाव जीत नहीं पाती। जिस सहयोगी दल के साथ उसे कुछ मिलता है, वह उसी को डुबो देती है। कांग्रेस ऐसा देश बनाना चाहती है, जहां लोग अपनी ही विरासत से नफरत करें और अपने ही संस्थानों पर शक करें। कांग्रेस चुनाव आयोग, सेना, पुलिस और न्यायपालिका सब पर दाग लगाना चाहती है। लोकसभा चुनाव के पहले उसने कोहराम मचाया। कुछ अर्बन नक्सली सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गए थे और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाया था। अब फिर से वह यही काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई है इसीलिए गुजरात और मध्य प्रदेश की जनता दो दशक से भाजपा को सत्ता बनाए हुए हैं और कई राज्यों में भाजपा लगातार तीसरी बार चुनकर आई है। दूसरी तरफ कांग्रेस की सत्ता में एक सरकार के बाद दूसरी बार सरकार 13 साल पहले असम में आई थी। इसके बाद देश की जनता ने उसे कहीं भी ऐसा मौका नहीं दिया है। कांग्रेस की हालत सरकार के बिना जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसीलिए वह सरकार में आने पर देश समाज को दांव पर लगाने से पीछे नहीं हटती। कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह जाति का जहर फैला रही है। जाति के नाम पर गरीबों को आपस में लड़वाना चाहती है। इस दौरान परोक्ष रूप से झारखंड के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि आदिवासी समाज भूले नहीं कि कांग्रेस ने दलित और पिछड़ों पर सबसे ज्यादा अत्याचार किया और उनको रोटी, कपड़ा और मकान से वंचित किया। कभी भी उसने दलित, पिछड़ा और आदिवासी को प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया और न ही बनने देगी। कांग्रेस का परिवार दलित, पिछड़ों आदिवासियों से नफरत करता है। उसने दलित और ओबीसी को भागीदारी देने से इनकार किया और उनको अपमानित करते हुए कहा कि आरक्षण खत्म कर देंगे। मोदी ने कहा, कांग्रेस भारत के समाज को कमजोर कर अराजकता फैलाने और देश को कमजोर करना चाहती है। हरियाणा की जनता ने कांग्रेस के इस कुत्सित प्रयास को करारा जवाब दिया है। कांग्रेस ने नौजवानों को भी भड़काने की पूरी कोशिश की। देशभक्तों को बांटने की साजिश की, लेकिन हरियाणा ने फेल कर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय भारत के खिलाफ लोकतंत्र, अर्थतंत्र और सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने का षड्यंत्र हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय साजिश से हो रही है और कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी इस खेल में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *