नई दिल्ली। टीएलआई
देश में उत्कृष्टता के लिए दिए गए अवार्ड में दिल्ली मेट्रो रेल को बेहतरीन यात्री सेवा और संतुष्टि के लिए मुंबई के साथ पुरस्कृत किया गया है।
केंद्रीय शहरी आवास एवं विकास मंत्री हरदीप पुरी ने शुक्रवार को 14वें मोबिलिटी कॉन्फ्रेंस 2021 के कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए शहरी परिवहन उत्कृष्टता के लिए विभिन्न श्रेणियों में अवार्ड वितरित किए हैं। सबसे बेहतर सतत परिवहन व्यवस्था वाले शहर (मेट्रो रेल से संबंधित परिवहन) के लिए कोच्चि को चुना गया है। सूरत और सिलवासा को सर्वश्रेष्ठ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली वाले शहर के रूप में पहला स्थान मिला है। सुरक्षा एवं संरक्षा प्रणाली वाले शहर में सूरत देश भर में अव्वल रहा है।
सर्वश्रेष्ठ इंटेलीजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम में कर्नाटक का हुबली- धारवाड़ अव्वल रहा है। मध्य प्रदेश का इंदौर इनोवेटिव वित्तीय व्यवस्था की श्रेणी में पहले स्थान पर आया है। पोर्ट ब्लेयर और अहमदाबाद को हरित परिवहन के क्षेत्र में पहला स्थान मिला है। मेट्रो रेल बेस्ट मल्टीमॉडल एकीकृत परिवहन में नागपुर को पहला स्थान मिला है, जबकि पिछले साल में सर्वश्रेष्ठ शहर परियोजना के लिए भुवनेश्वर और बेंगलुरु को चुना गया है।
