देहरादून, गौरव जोशी। हरियाणा से मसूरी घूमने जा रहे युवकों की कार आशारोड़ी चेकपोस्ट पर रविवार तड़के खड़े ट्राले से टकरा गई। कार में सवार पांच में से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया।
मृतकों में एक आर्चरी खिलाड़ी तो दो कबड्डी खिलाड़ी शामिल हैं।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि तड़के करीब 3:10 बजे हरियाणा नंबर की कार सहारनपुर से देहरादून की ओर आ रही थी। आशारोड़ी चेकपोस्ट पर खड़े सीमेंट से लदे ट्रॉले को कार चालक देख नहीं पाया और कार तेजी से ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायल 19 वर्षीय अंकुश पुत्र अजीत, 29 वर्षीय पारस पुत्र जयकरण, 22 वर्षीय विनय पुत्र विजय तीनों निवासी पुरखास धीरन जिला सोनीपत, हरियाणा, 27 वर्षीय अंकित पुत्र राजेश निवासी मेरिडा जुलाना जींद, हरियाणा, 22 अंकित नवीन पुत्र नरेश निवासी खेड़ी रोहतक, हरियाणा को दून अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने अंकुश, पारस, अंकित और नवीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनय का उपचार चल रहा है। पुलिस ने कोरोनेशन अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे। रविवार शाम को परिजन शव लेकर हरियाणा के लिए रवाना हुए। एसएसपी ने बताया कि घटना को लेकर ट्रॉले के चालक आफताब निवासी शेखपुरा कदीम थाना देहात कोतवाली सहारनपुर जिला सहारनपुर से पूछताछ की जा रही है। मृतकों में पारस आर्चरी का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी था, जबकि अंकित और नवीन कबड्डी खेलते थे। वहीं अंकुश ने हाल ही में 12वीं पास की थी। कोरोनेशन अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने बताया कि पारस अंकुश का चाचा और अंकित का जीजा था। नवीन पारस की बुआ का लड़का था। बताया जा रहा है कि पांचों आपस में रिश्तेदार थे और मसूरी घूमने जा रहे थे। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। हादसे का कारण तेज रफ्तार और पूरी रात कार चलाने की थकान को माना जा रहा है।
