क्रिकेट : श्रेयस आईसीसी के मार्च के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

स्पोर्ट्स

दुबई। भारत के कलात्मक बल्लेबाज श्रेयस अय्यर मंगलवार को मार्च महीने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की ओर से सर्वाधिक 243 रन बनाए थे। उन्होंने इस पुरस्कार की दौड़ में न्यूजीलैंड के जैकब डफी और रचिन रवींद्र को पीछे छोड़ा।
यह लगातार दूसरा महीना है जबकि किसी भारतीय ने यह पुरस्कार हासिल किया। इससे पहले शुभमान गिल ने फरवरी महीने के लिए यह पुरस्कार जीता था। श्रेयस ने कहा, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने पर मैं वास्तव में सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह सम्मान अविश्वसनीय रूप से विशेष है, खासकर उस महीने में जब हमने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। एक ऐसा क्षण जिसे मैं हमेशा अपनी यादों में संजो कर रखूंगा। प्रत्येक क्रिकेटर का सपना होता है कि वह इतनी बड़ी प्रतियोगिता में भारत की जीत में योगदान दे। मैं अपने साथियों, कोच और सहयोगी स्टाफ का उनके अटूट समर्थन और विश्वास के लिए आभारी हूं। प्रशंसकों को भी दिल से धन्यवाद। आपकी ऊर्जा और प्रोत्साहन हमें हर कदम पर आगे बढ़ने में मदद करते हैं।

Leave a Reply