नोएडा में पत्नी को परेशान करने पर चचेरे भाई की हत्या

दिल्ली दिल्ली लाइव नोएडा राज्य समाचार

नई दिल्ली, नीलू सिंह। बिसरख कोतवाली पुलिस ने ऐमनाबाद गांव में रहने वाले कारपेंटर की हत्या के मामले का सोमवार को खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि चचेरे भाई ने पत्नी को वीडियो कॉल कर परेशान करने पर वारदात को अंजाम दिया था।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि अमरोहा के हैबतपुर चौधरीयान गांव के रहने वाले दो चचेरे भाई इकरार सैफी उर्फ मोटा और नसीम ऐमनाबाद गांव में करीब चार साल से किराये के मकान में अलग-अलग कमरे में रहते थे। दोनों अलग-अलग जगह कारपेंटर का कार्य करते थे। डीसीपी के मुताबिक बीते मंगलवार को इकरार सैफी ने नसीम की गला दबाकर हत्या कर शव नाले में फेंक दिया पुलिस ने राहगीरों की सूचना पर शुक्रवार को नाले से नसीम का शव बरामद कर परिजनों को घटना की सूचना दी थी। इसके बाद नसीम के भाई सलीम ने इकरार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस ने सोमवार को आरोपी इकरार सैफी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नसीम उसकी पत्नी को वीडियो कॉल कर परेशान करता था। उस पर बुरी नजर रखता था। आरोपी को शक था कि नसीम के उसकी पत्नी से अवैध संबंध हैं। आरोपी ने बताया कि वह मंगलवार को ऐमनाबाद गांव के समीप एक क्रिकेट मैदान में बैठा था। इसी बीच उसके पास पत्नी का फोन आया। पत्नी ने बताया कि नसीम उसे वीडियो कॉल कर परेशान कर रहा है। इसी बीच इकरार ने नसीम की हत्या करने की साजिश रची। उसने नसीम को तुरंत फोन कर कहीं बाहर चलने की बात कहकर क्रिकेट मैदान में बुलाया। पत्नी को फोन कर परेशान करने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इस पर इकरार ने गला दबाकर नसीम की हत्या की और शव को नाले में फेंक दिया। इसके बाद उसकी जेब में रखे पर्स और बाइक की चाबी को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक की बाइक की चाबी, आधार कार्ड, पैन कार्ड फोटो आदि सामान बरामद किया है। पुलिस द्वारा आरोपी खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपी इकरार ने बताया कि इस मामले को लेकर उनके बीच पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका था। उसने नसीम को कई बार समझाया कि वह इस तरह की हरकत न करें, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा था। परिवार के लोगों को भी इस बात के बारे में पता था। उसने परेशान होकर घटना को अंजाम दिया। बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया नसीम का शव मिलने पर उसके भाई सलीम ने सीधा इकरार पर हत्या करने का शक जाहिर किया था। सलीम ने उसे नामजद करवाया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो हत्या में इकरार की भूमिका के बारे में पता चला। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल से घटना का खुलासा हुआ। दोनों के बीच अंतिम बार आपस में बातचीत हुई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नसीम उसकी पत्नी को वीडियो कॉल करता था। वह उससे अश्लील बात करता था। महिला आरोपी से परेशान हो गई थी। बार-बार मना करने के बावजूद आरोपी लगातार फोन करता था। महिला ने भी उसे कई बार डांटा था। इसके बाद पति को घटना के बारे में बताया था।

 

Leave a Reply