पलटवार : ईरान ने कतर में अमेरिकी ठिकानों पर दागीं मिसाइलें

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार राजधानी

वाशिंगटन। ईरान ने सोमवार को कतर में अमेरिकी ठिकानों पर छह मिसाइलें दागीं। मीडिया रिपोर्ट ने इजरायली अधिकारी का हवाला देते हुए यह जानकारी दी। इस हमले को ईरान के परमाणु स्थलों पर अमेरिका के हमलों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ईरान ने कतर में अमेरिका के अल- उदीद एयरबेस पर हमले किए। बता दें, कतर में अमेरिका द्वारा संचालित अल-उदीद एयरबेस मध्य-पूर्व का सबसे बड़ा अमेरिकी अड्डा है। यहां लगभग 10 हजार सैनिक रहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार शाम को कतर की राजधानी दोहा में कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं थीं। इस बीच, सैन्य सूत्रों ने बताया कि हमले के डर से इराक में अमेरिकी के ऐन अल-असद एयरबेस में वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय की गई। यहां भी विस्फोट की आवाजें सुनी गई हैं। कतर ने अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरानी हमले की निंदा की है। उसने कहा कि वह ईरान द्वारा दोहा में अल उदीद अमेरिकी सैन्य अड्डे को निशाना बनाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार सीधे जवाब देने का अधिकार रखता है। कतर ने कहा कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है। इससे पहले, कतर के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र को बंद करने की सूचना दी थी। अमेरिकी अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में ईरान के हमले की चेतावनी दी थी। दो अधिकारियों ने कहा था कि ईरान मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी बेस पर हमला कर सकता है। सीरिया के पश्चिमी हसाका प्रांत में स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे को सोमवार को मोर्टार हमले से निशाना बनाया गया। स्थानीय और सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, इस हमले के तुरंत बाद अड्डे के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस हमले में अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, हमले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा बल सतर्क हैं और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस हमले के पीछे ईरान समर्थित किसी आतंकी गुट का हाथ हो सकता है। उल्लेखनीय है कि पिछले एक वर्ष में सीरिया में अमेरिकी सेना के ठिकानों को कई बार निशाना बनाया गया है, जिनमें ड्रोन और मिसाइल हमले भी शामिल रहे हैं।

 

Leave a Reply