देहरादून, गौरव जोशी। भगवान शिव को सबसे प्रिय लगने वाला बह्मकमल का पुष्प सावन से केदारनाथ धाम में भगवान शिव को चढ़ाया जाने लगा है। सावन के पहले दिन बदरी-केदार मंदिर समिति के कर्मचारी उच्च हिमालयी क्षेत्रों से ब्रह्मकमल को तोड़कर लाए हैं जिसे बुधवार से बाबा केदार को अर्पित किया जाने लगा है।
सावन के पहले दिन से केदारनाथ धाम में भव्य पूजा अर्चना शुरू हो गई है। जहां बड़ी संख्या में भक्त, स्थानीय लोग और तीर्थपुरोहित, व्यापारी बाबा केदार का जलाभिषेक कर रहे हैं। वहीं विश्व कल्याण के लिए बदरी-केदार मंदिर समिति ने केदारनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक पूजा भी शुरू कर दी है। यह पूजा पूरे सावन के महीने चलती रहेगी। बुधवार को सुबह पूजा अर्चना के साथ उच्च हिमालय से तोड़कर लाए गए ब्रह्मकमल के फूल भी भगवान को चढ़ाए गए हैं।
