लखनऊ। राजेंद्र तिवारी
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जो वादे किए उन्हें पूरा नहीं किया। जनता को धोखा देने और उससे छल करने में कोई संकोच नहीं किया। किसान से आय दोगुनी करने, फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिलाने का वादा किया पर वादाखिलाफी कर दी। यह बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहीं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में डा. राममनोहर लोहिया सभागार में एकत्र जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि नौजवानों को रोजगार का सपना दिखा कर उनकी जिंदगी में अंधेरा भर दिया। महिलाओं और बच्चियों को अपमानित किया। जनता ने इस तरह भाजपा से इतने धोखे खाए हैं कि अब वह उन्हें जवाब देने पर तुल गई है। इंतजार बस 2022 में होने वाले चुनावों का है।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में न तो नौकरियां मिली है और न ही भ्रष्टाचार कम हुआ। कानून-व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर है। लोगों में असुरक्षा का भाव है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़े दामों से जनता त्रस्त है। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं चौपट हैं। अस्पतालों में न तो डाक्टर है और न दवाएं। कोरोना के बाद डेंगू का प्रकोप है पर मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है। लोग तड़प-तड़प कर मर रहे हैं। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा ने बिना कोई काम किए ही साढ़े चार साल काट लिए। सरकार में बैठे लोग गलत है। उनसे जनहित के कामों की उम्मीद नहीं की जा सकती है। भाजपा सिर्फ नफरत फैलाना जानती है। सामाजिक सद्भाव और सौहार्द की उससे कल्पना भी कैसे की जा सकती है? जनता जान गई है कि भाजपा लूट और झूठ की राजनीति करती है।