चार्लोट (अमेरिका)। एंड्रियास श्जेल्डरुप के 13वें मिनट में किए गए गोल की मदद से बेनफिका ने क्लब विश्व कप फुटबॉल में मंगलवार को यहां भीषण गर्मी में खेले गए मैच में बायर्न म्यूनिख पर 1-0 से जीत हासिल की। इससे पुर्तगाल का यह क्लब ग्रुप सी में शीर्ष पर पहुंच गया। इस हार से बायर्न म्यूनिख की टीम दूसरे स्थान पर खिसक गई जबकि बोका जूनियर्स को बाहर का रास्ता देखना पड़ा। यह मैच 36 डिग्री सेल्सियस के तापमान में खेला गया। बेनफिका के विंगर जियानलुका प्रेस्टियानी को गर्मी से संबंधित समस्याओं के कारण 25वें मिनट में उपचार लेना पड़ा और आखिर में वह 55वें मिनट में मैदान छोड़कर बाहर चले गए। इससे पहले श्जेल्डरुप ने फ्रेडरिक ऑर्न्स के क्रॉस पर पेनाल्टी स्पॉट के पास से दाएं पैर से शॉट लगाकर गोल किया जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ।
