ढाका। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ जुल्म थमने का नाम नहीं ले रहा। नरसिंगदी शहर में अज्ञात हमलावरों ने सोमवार को 40 वर्षीय मणि चक्रवर्ती की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पिछले 18 दिन में यह छठे हिंदू व्यक्ति की हत्या है। इससे घटना से कुछ देर पहले बांग्लादेश के जेस्सोर जिले में सोमवार को ही अज्ञात हमलावरों ने एक हिंदू व्यापारी राणा प्रताप बैरागी को सिर में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। वह एक समाचार पत्र के कार्यकारी संपादक भी थे। ‘बीडीन्यूज 24’ के अनुसार पलाश उपजिला के चारसिंदूर बाजार में दुकानदार मणि चक्रवर्ती पर सोमवार रात करीब 11 बजे हमला हुआ। पलाश पुलिस थाना प्रमुख (ओसी) शाहेद अल मामून ने बताया कि मणि शिबपुर उपजिला के साधरचार यूनियन निवासी मदन ठाकुर के बेटे थे। मणि चारसिंदूर बाजार में किराना दुकान के मालिक थे। बता दें कि 19 दिसंबर को मणि ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर देश में बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई थी और अपने इलाके को मौत की घाटी बताया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने बताया कि मणि जब सोमवार रात दुकान बंद करके अपने घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से वार किया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोग उन्हें पलाश उपजिला स्वास्थ्य परिसर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शाहेद ने कहा कि पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंची और दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नरसिंगदी सदर अस्पताल के शवगृह भेजा गया है।
