देहरादून, वाई रावत। जोशीमठ के लोगों ने विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे बदरीनाथ धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग नगर में भू-धंसाव रोकने के लिए ट्रीटमेंट शुरू करने, प्रभावितों को मुआवजा देने, भूमि का मूल्य तय करने की मांग कर रहे हैं। एडीएम ने मांगों पर लिखित आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। लोगों ने मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर एक महीने बाद अनशन शुरू करने का ऐलान किया है।
मूल निवास स्वाभिमान संगठन, व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के आह्वान पर लोगों ने सुबह 9 बजे हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान बाजार भी बंद रहे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बार-बार आंदोलनकारियों को समझाते रहे, लेकिन वे मांगों पर अड़े रहे। आंदोलनकारियों का कहना था कि वे हर मंच पर मांगों को उठा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। प्रभावितों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री व सांसद का पुतला फूंका। पुतला दहन को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई। प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद ही लोगों ने दोपहर लगभग एक बजे जाम खोला। मूल निवास स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष भुवन चंद्र उनियाल ने बताया कि मांगों को लेकर कई बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
