नई दिल्ली। लोकसभा में गतिरोध बरकरार है। अदाणी समूह सहित कई मुद्दों पर सोमवार को हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगन के बाद मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष अदाणी समूह की जांच की मांग करते हुए संयुक्त संसदीय समिति के गठन की मांग कर रहा है। सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने अदाणी समूह की जांच का मुद्दा उठाया। हंगामा बढ़ता देख सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सुबह 12 बजे कार्यवाही शुरू होने पर पीठासीन अधिकारी ने सदन चलाने का प्रयास किया। संध्या राय ने विपक्षी सदस्यों से सदन की कार्यवाही चलने देने का कई बार आग्रह किया, ताकि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेल संशोधन विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब दे सकें, पर हंगामा बढ़ता गया और सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कांग्रेस ने निशिकांत दुबे पर तीखा हमला बोला सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने कहा कि जब भी अदाणी समूह के भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया जाता है, तो अदाणी के एजेंट सदन में नेता प्रतिपक्ष और विपक्ष के बारे में अपमानजन बात करते हैं। कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर उनसे यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया था कि निशिकांत दुबे अपने शब्द वापस लें और माफी मांगें। पर भाजपा ने यह कहते हुए विवाद बढ़ा दिया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद सदन की कार्यवाही एक बार फिर शुरू हुई, पर हंगामा बरकरार रहा। इसलिए, कार्यवाही पहले दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित की गई, इसके बाद कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। सत्तापक्ष और विपक्ष के रुख के चलते मंगलवार को भी हंगामे की संभावना है।
