हल्द्वानी, गौरव जोशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड समाप्त किया जाएगा। प्रदेश में अवैध रूप से संचालित 250 से अधिक मदरसों के खिलाफ अब तक कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई 2026 से सिर्फ सरकारी पाठ्यक्रम पढ़ाने वाले मदरसे ही उत्तराखंड में संचालित होंगे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
जीजीआईसी चम्पावत के सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में अब सरकारी पाठ्यक्रम पढ़ाने वाले मदरसे ही संचालित होंगे। कहा कि प्रदेश में पांच हजार से अधिक अवैध मजार हटाई गई हैं। जबकि अवैध रूप से संचालित हो रहे ढाई सौ से अधिक मदरसे बंद कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीते कुछ सालों से प्रदेश की डेमोग्राफी और जनसंख्या में परिवर्तन हुआ है। कहा कि उनकी सरकार ने उत्तराखंड को बचाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर जिलाधिकारी को गलत आधार कार्ड, राशन कार्ड समेत अन्य प्रमाण पत्र जारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लैंड जिहाद करने वालों से नौ हजार एकड़ से अधिक सरकारी जमीन मुक्त कराई जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड में लव, थूक और लैंड जिहाद किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वदेशी से आत्मनिर्भर भारत का संकल्प पूरा होगा। इसके लिए सभी ने स्वदेशी को अपनाना होगा। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भाजपा के चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के सम्मेलन में कही। इस दौरान उन्होंने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भेंट वार्ता भी की। जीजीआईसी सभागार में बुधवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भाजपा का विधानसभा क्षेत्र का सम्मेलन हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए सभी भर्ती परीक्षाएं अपने निर्धारित समय से होंगी। कहा कि सभी परीक्षाओं को शुचिता से संचालित करना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने बताया कि भविष्य में सरकारी नौकरियों के लिए साढ़े दस हजार से अधिक भर्ती होनी हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा। कहा कि प्रदेश का युवा सरकार की प्राथमिकता में है। युवाओं के हित में सभी निर्णय लिए जाएंगे। कहा कि बेरोजगारी में चार फीसदी की कमी आई है। बीते दिन 1347 एलटी शिक्षकों को ज्वाइनिंग लैटर दिया गया है। बीते चार वर्षों में 26 हजार से अधिक को रोजगार दिया है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को बदनाम करने की गहरी साजिश है। भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री धामी ने यहां छात्राओं के साथ बाकायदा जमीन पर बैठकर दोपहर का भोजन किया। सीएम ने मिड डे मील योजना के तहत स्कूल में बना भोजन छात्राओं को वितरित भी किया। साथ ही छात्राओं के साथ जमीन पर बैठकर भोजन का स्वाद लिया। बाद में सीएम ने भोजनमाताओं और छात्राओं को चॉकलेट भी बांटीं। जीजीआईसी की प्रधानाचार्य भुवनेश्वरी फोनिया और एमडीएम की प्रभारी निर्मला खाती ने बताया कि मुख्यमंत्री को मध्याह्न भोजन में पूड़ी, सब्जी, हलवा, छोले और फल का जूस परोसा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत-टनकपुर नेशनल हाईवे पर स्वाला डेंजर जोन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डेंजर जोन के स्थाई समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां 2026 तक आवाजाही सुचारू कर दी जाएगी। सीएम धामी ने चम्पावत से टनकपुर जाते हुए यह निरीक्षण किया। डीएम मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री को स्वाला भूस्खलन स्थल की प्रकृति, मलबे की मात्रा, जल प्रवाह की दिशा और वैकल्पिक मार्गों की उपलब्धता की जानकारी दी। इस दौरान सीएम ने स्वाला क्षेत्र में 2026 तक मार्ग सुचारू करने को कहा।
