टूटा अहंकार केजरीवाल का, दिल्ली में मोदी का डंका

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार राजधानी

नई दिल्ली। दिल्ली में 26 वर्ष बाद भाजपा ने सत्ता में वापसी की है। भाजपा ने 48 सीटें जीतकर दिल्ली में सरकार बनाने का रास्ता साफ किया है। दो बार से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) 62 सीटों से घटकर 22 सीटों पर सिमट गई है। भाजपा की जीत के साथ सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल का अहंकार टूट गया। एक जनसभा में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि था कि मोदी इस जन्म में केजरीवाल को दिल्ली में नहीं हरा सकते। लेकिन अपने प्रधानमंत्री कार्यक्रम में ही मोदी ने केजरीवाल को धूल चटा दी। न सिर्फ उनकी पार्टी हारी बल्कि वह खुद भी चुनाव हार गए।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में 19 केंद्रों पर शनिवार सुबह मतगणना शुरू हुई। भाजपा ने शुरू से बढ़त बना ली और अंत तक इसे कायम रखा। भाजपा ने 48 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर ली। वहीं आप को 40 सीटों का नुकसान हुआ और वह 22 सीटों पर ही सिमट कर रह गई। कांग्रेस लगातार तीसरी बार खाता नहीं खोल पाई है।
सबसे रोचक मुकाबला भाजपा के प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल के बीच रहा। लेकिन प्रवेश वर्मा ने 4000 से ज्यादा वोटों से अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हरा दिया। वहीं, मनीष सिसोदिया भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह से जंगपुरा सीट हार गए। सत्ता विरोधी लहर में आप के केवल 15 विधायक अपनी सीट बचा पाए। भाजपा ने इस चुनाव में करीब 45.56 फीसदी मत हासिल किए। चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद शनिवार की शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली का तेजी से विकास करेंगे। आज की जीत ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने ‘आप-दा’ को बाहर कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव परिणामों पर कहा कि जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के ‘शीशमहल’ को नेस्तनाबूत कर दिल्ली को ‘आप-दा’ मुक्त करने का काम किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, दिल्ली ने वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो देशभर में जनता के साथ झूठे वादे करने वालों के लिए मिसाल बनेगा। यह दिल्ली में विकास और विश्वास के एक नए युग का आरंभ है। चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हार के बाद वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि जनता के फैसले को हम स्वीकार करते हैं। जनता ने हमें मौका दिया और हमने दिल्ली में अच्छे काम किए। हम सेवा के लिए राजनीति में आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *