बिहार में दो लाख का इनामी प्रिंस मुठभेड़ में ढेर

पटना बिहार लाइव भागलपुर राष्ट्रीय

पटना, राजेंद्र तिवारी। एसटीएफ और वैशाली पुलिस के साथ शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे दिग्घी ओवरब्रिज के समीप हुई मुठभेड़ में दो लाख का इनामी कुख्यात प्रिंस उर्फ अभिजीत कुमार मारा गया। इस दौरान दोनों तरफ से करीब 32 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस मुठभेड़ में प्रिंस के एक साथी को भी गोली लगी है, जिसका हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। सोना लूट गैंग के सरगना प्रिंस के खिलाफ लूट, हत्या आदि के 36 मामले दर्ज थे। वह दो सितंबर, 2024 को न्यायिक हिरासत के दौरान पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल से फरार हुआ था।
मुठभेड़ के थोड़ी देर बाद तलाशी के दौरान एसटीएफ ने प्रिंस के एक अन्य साथी को घटनास्थल के पास स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक पिस्टल, नकद और सोने-चांदी के आभूषण की बरामदगी हुई है। एसटीएफ उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर करीब सवा एक बजे कई गाड़ियों के साथ पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की टीम दिग्घी ओवरब्रिज के पास (हनुमान नगर कॉलोनी) पहुंची। सभी सादे लिबास में थे। प्रिंस यहीं एक मकान में छुपकर रह रहा था। छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंगकर दी। जवाबी कार्रवाई में प्रिंस मारा गया। करीब सात मिनट तक गोलियों की तड़तड़ाहट होती रही। घायल प्रिंस को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान भाग रहे उसके एक अन्य साथी को दबोचा है। दो पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है। वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के हुसैना गांव का निवासी प्रिंस सोना लूटेरा गिरोह का सरगना और सुबोध सिंह का शूटर था। उसके गिरोह ने बिहार के अलावा राजस्थान, ओड़िशा, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई शहरों में शोरूम से सोना लूटा था। आरा और पूर्णिया में तनिष्क से सोना लूट कांड में भी पुलिस को उसकी तलाश थी। फरारी के दौरान ही उसने दानापुर में सोने की दुकान को लूटा था। उसके गिरोह ने 2017 में आसनसोल से 56 किलो, 2019 में हाजीपुर से 55 किलो, 2022 में उदयपुर से 24 किलो, 2022 में मध्यप्रदेश के कटनी से 16 किलो और देहरादून से 18 किलो सोना लूटा था। पूर्णिया तनिष्क शो रूम से 26 जुलाई, 2024 को 3.07 करोड़ का सोना लूटा गया था। देश के कई राज्यों में सोना लूट को अंजाम दे चुके प्रिंस को पुलिस ने पंजाब से पकड़ा था। सीने में दर्द की शिकायत पर उसे बेऊर से पीएमसीएच के बंदी वार्ड में लाया गया था। 2 सितंबर 2024 को वह पीएमसीएच के बंदी वार्ड से फरार हो गया था। उसने सुरक्षा में तैनात आठ सिपाहियों के लिए सैदपुर के एक फ्लैट में मटन पार्टी रखी गई थी। रात में वह सिपाहियों के साथ खुद उस पार्टी में पहुंचा था। सिपाही खाना खाकर आराम करने लगे इस बीच वह चकमा देकर भाग निकला।

Leave a Reply