महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर एक दिवसीय नियमित शिविर का आयोजन
महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्थापना दिवस के अवसर पर एनएसएस वाटिका में स्वच्छता अभियान चलाकर एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा की अध्यक्षता में हुआ।
राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा समाजसेवा की भावना विकसित करना है। शिविर की शुरुआत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा “राष्ट्रीय सेवा योजना संकल्प गीत” प्रस्तुत कर की गई, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह और प्रेरणा से भर दिया।
एक दिवसीय शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर व एनएसएस वाटिका की साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता संदेश दिए। साथ ही नए प्रवेशित स्वयंसेवियों को एनएसएस के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी गई।
बौद्धिक सत्र में श्री संजीव भटनागर द्वारा स्वयंसेवियों को पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्वच्छता की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला गया तथा माई भारत पोर्टल और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस सत्र में छात्राओं को डिजिटल माध्यमों के महत्व और सरकारी पहलों से जुड़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा ने कहा कि “राष्ट्रीय सेवा योजना हमको केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि जीवन के मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी बोध कराती है। स्वच्छता अभियान जैसे कार्य स्वयंसेवियों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करते हैं।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रभारी एनएसएस डॉ0 रितुराज पंत ने कहा कि “राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना दिवस पर आयोजित शिविर छात्रों को सेवा, सहानुभूति और सामूहिकता का अनुभव कराता है। यह उन्हें समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और अपनी भूमिका निभाने का अवसर देता है।”
कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 गीता पंत ने अपने वक्तव्य में कहा कि “स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। एनएसएस स्वयंसेवक इस संदेश को समाज तक पहुँचाने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।” इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया।
