हल्द्वानी। दिनांक 07 फरवरी 2026 को इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, हल्द्वानी की नमामि गंगे इकाई की छात्राओं द्वारा माघ पर्व के अवसर पर स्वच्छता अभियान के साथ खिचड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर के हीरा नगर चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान से हुई। छात्राओं ने सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई करते हुए स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह से बंद करने का आवाहन किया गया। इसके उपरांत माघ मास की परंपरा के अनुरूप खिचड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विजय बिष्ट ने इस अवसर पर कहा,
स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, यह संस्कारों की पाठशाला है। ऐसे अभियान छात्राओं में सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं।
नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. रितुराज पंत ने कहा, आज छात्राओं ने स्वच्छता अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है। सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के विशेष सहयोगी एवं हल्द्वानी ऑनलाइन संस्था के संस्थापक दिनेश लोशाली ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं तथा युवाओं को सामाजिक बदलाव का वाहक बनाते हैं।
इस अवसर पर अनुष्का, अपूर्वा, अंजलि, तनुश्री, हर्षिता, अंजलि बोरा सहित पीएलवी खिमेश पनेरू एवं अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने माघ पर्व को सेवा, स्वच्छता और संस्कार के साथ मनाने का सार्थक उदाहरण प्रस्तुत किया।
