देहरादून। उत्तराखंड के सौ नगर निकायों के लिए गुरुवार को चुनाव में कुल 66 फीसदी मतदान हुआ। हालांकि यह अभी अनंतिम आंकड़ें हैं और शुक्रवार को अंतिम आंकड़ें जारी होंगे। राज्य भर में पोलिंग बूथ पर सुबह से ही मतदान को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया। मतदान के दौरान भगवानपुर और रुड़की की घटनाओं को छोड़कर कहीं कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। वर्ष 2018 के निकाय चुनाव में राज्य में 69.79 फीसदी मतदान हुआ था। राज्य के 100 निकायों में मेयर, अध्यक्ष, सभासद और सदस्य के पदों के लिए कुल 5399 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनका भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। विदित है कि राज्य में 11 नगर निगमों के लिए मेयर पद के लिए कुल 72 उम्मीदवार, 43 नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 211 उम्मीदवार जबकि 46 नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 231 उम्मीदवार मैदान में थे। वहीं नगर निगमों में सभासद के लिए 2009, नगर पालिका सदस्य के लिए 1596 और नगर पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 1280 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। निकाय चुनावों के मतदान के दिन गुरुवार को राज्य के कई क्षेत्रों से मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब होने की शिकायतें मिली। कई स्थानों पर इस वजह से मतदान केंद्रों के बाहर लोगों ने हंगामा भी किया। कई लोगों ने पूरे परिवार का नाम मतदाता सूची से गायब होने की शिकायत की तो कई जगह लोगों के नाम दूसरे वार्डों में सिफ्ट किए जाने की शिकायतें सामने आई। नगर निकाय चुनावों के मतदान से पूर्व ही राज्य की एक नगर पालिका और दो नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। हालांकि निर्वाचन आयुक्त कार्यालय की ओर से अभी तक इस संदर्भ में आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। नगर पालिका देवप्रयाग के साथ ही नगर पंचायत नानकमत्ता और दिनेशपुर में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। राज्य के 100 निकायों में से नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के 44 सभासद और सदस्य मतदान से पूर्व ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। एक ही प्रत्याशी के चुनाव मैदान में होने की वजह से चुनाव की नौबत नहीं आई। राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय की ओर से दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष कदम उठाए गए थे। गुरुवार को कुल 2171 दिव्यांगों को विशेष वाहन, व्हील चेयर, वॉकिंग स्टिक के सहयोग से मतदान केंद्रों तक पहुंचाया गया।
