युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण शिविर हेतु महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की 6 एनएसएस स्वयंसेवियों का चयन
राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ (युवा कल्याण विभाग), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित युवा आपदा मित्र, 07 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की 6 स्वयंसेवियों का चयन किया गया है। यह प्रशिक्षण 15वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), गदरपुर, उधम सिंह नगर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्वयंसेवियों को आपदा प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
चयनित छात्राओं में कविता परगाईं (बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर), भूमिका (बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर), इशिका बनकोटी (बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर), सानिया अधिकारी (बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर), खुशबू आर्या (बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर) एवं अर्चना परगाईं (बी.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर) सम्मिलित हैं।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। महाविद्यालय की छात्राओं का इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण हेतु चयन संस्थान के लिए गौरव का विषय है।
एनएसएस प्रभारी डॉ० रितुराज पंत ने कहा कि युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयंसेवियों को आपदा की स्थिति में सेवा कार्यों के लिए मानसिक और व्यावहारिक रूप से तैयार किया जाता है। यह प्रशिक्षण एनएसएस के मूल उद्देश्यों को साकार करता है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ० गीता पंत ने कहा कि चयनित स्वयंसेवियों ने अपनी सक्रियता, अनुशासन और सेवा भावना के आधार पर यह अवसर प्राप्त किया है। यह प्रशिक्षण उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
इस अवसर पर सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।
