मुंबई। महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में बुधवार को शाम पांच बजे तक 58.22 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गढ़चिरौली जिले में 69 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
विधानसभा चुनाव के साथ ही नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव में 53.78 प्रतिशत मतदान हुआ। अगस्त में कांग्रेस सांसद वसंत चव्हाण के निधन के बाद नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव हुआ। यहां से कांग्रेस के रवींद्र चव्हाण और भाजपा के संतूकराव हंबार्डे के बीच सीधा मुकाबला है। रवींद्र चव्हाण वसंत चव्हाण के बेटे हैं। राज्य में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है, वहीं महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन को सत्ता में वापसी की उम्मीद है। राज्य में शाम पांच बजे तक सबसे अधिक 69.63 प्रतिशत मतदान गढ़चिरौली जिले में हुआ। जिले की अहेरी विधानसभा सीट पर 68.43 प्रतिशत मतदान, गढ़चिरौली निर्वाचन क्षेत्र में 69.22 प्रतिशत हुआ, जबकि अरमोरी में 71.26 फीसदी मतदान हुआ। मुंबई शहर जिले में 49.07 प्रतिशत मतदान हुआ और मुंबई उपनगरीय जिले में 51.76 प्रतिशत मतदान हुआ। दक्षिण मुंबई के कोलाबा विधानसभा क्षेत्र में 41.64 प्रतिशत, माहिम में 55.23 प्रतिशत और वर्ली में 47.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शिवडी में 51.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि मालाबार हिल में 50.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुंबई के उपनगर भांडुप में 60.18 प्रतिशत, दहिसर में 50.98 प्रतिशत और बांद्रा पूर्व में 49.51 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ठाणे के कोपरी-पचपखाड़ी विधानसभा क्षेत्र में 55.77 प्रतिशत मतदान हुआ जहां उनका मुकाबला शिवसेना (उबाठा) उम्मीदवार केदार दिघे से है। वहीं ठाणे जिले का समग्र प्रतिशत 49.76 प्रतिशत रहा। नागपुर दक्षिण-पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र, जहां से उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस मैदान में हैं, वहां शाम 5 बजे तक 51.54 प्रतिशत मतदान हुआ। नागपुर जिले में मतदान का आंकड़ा 56.06 प्रतिशत था। पुणे जिले की बारामती सीट पर 62.31 प्रतिशत मतदान हुआ, जहां से उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख अजित पवार का मुकाबला उनके भतीजे युगेंद्र पवार से है। अधिकारियों ने कहा कि पुणे जिले में मतदान का आंकड़ा 54.09 प्रतिशत, नासिक शाम 60.11 प्रतिशत मतदान हुआ। इस चुनाव में 9.7 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने मैदान में मौजूद 4,136 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला किया।
