एनसीसी शिविर में गूंजा अनुशासन और देशभक्ति का स्वर

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय वाराणसी

वाराणसी, राजेंद्र तिवारी।
संत अतुलानंद कोईराजपुर परिसर देशभक्ति और अनुशासन के गीतों से गूंज उठा, जब 100 यूपी बटालियन एनसीसी वाराणसी द्वारा आयोजित 326वीं सीएसी कैंप का शुभारंभ हुआ। इस दस दिवसीय शिविर में वाराणसी और जौनपुर के 18 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए 500 से अधिक जूनियर एवं सीनियर कैडेट भाग ले रहे हैं। उनका उत्साह देखते ही बनता है, क्योंकि यह केवल एक प्रशिक्षण शिविर नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व और राष्ट्रभावना के निर्माण का अवसर है।

कैंप कमांडेंट राकेश रोशन ने बताया कि शिविर का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व के गुणों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान शारीरिक प्रशिक्षण, परेड अभ्यास, फायरिंग, योग, प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक सेवा से जुड़े विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी के शिक्षक और एनएनओ इमरान अंसारी ने बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयनित होने वाले कैडेटों को विशेष रूप से तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं को “देश के प्रति समर्पण” का भाव सिखाने वाला जीवन मंच है। डिप्टी कैंप कमांडेंट संजेश राय ने कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में आत्मानुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सर्वोत्तम माध्यम हैं। शिविर के उद्घाटन अवसर पर एनसीसी अधिकारी सारनाथ सिंह, अरविन्द राय, सुनील कुमार और उषा बालचंदानी भी मौजूद रहे। देशभक्ति के नारों और एनसीसी गीतों के बीच कैडेटों ने शिविर की शुरुआत की, यह संकल्प लेते हुए कि वे न केवल बेहतर नागरिक बनेंगे, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देंगे।

Leave a Reply