विश्व युवा संसद 2026 में महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की दो छात्राओं का चयन
06 मार्च 2026, हल्द्वानी।
महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की छात्राओं ने एक बार फिर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत आयोजित होने वाली विश्व युवा संसद 2026 में प्रतिभाग करने के लिए महाविद्यालय की दो छात्राओं का चयन हुआ है। चयनित छात्राओं में अनुष्का भट्ट (B.Sc. चतुर्थ सेमेस्टर) तथा अपूर्वा भट्ट (B.A. चतुर्थ सेमेस्टर) शामिल हैं। दोनों छात्राएं 24 से 26 मार्च 2026 तक कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय, जीकेवीके परिसर, बेंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो० आभा शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि हमारी छात्राएं राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण मंच पर अपनी प्रतिभा और विचारों को प्रस्तुत करेंगी। उन्होंने कहा कि विश्व युवा संसद जैसे कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों छात्राएं अपने ज्ञान, तर्क और दृष्टिकोण से न केवल उत्तराखंड बल्कि महाविद्यालय का भी गौरव बढ़ाएंगी। प्राचार्या ने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचार करने और समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करते हैं, जिससे उनमें नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
एनएसएस प्रभारी डॉ० रितुराज पंत ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा, नेतृत्व और सामाजिक चेतना की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि विश्व युवा संसद 2026 में देशभर के युवाओं को विभिन्न समसामयिक विषयों जैसे विश्व शांति, जलवायु परिवर्तन, डिजिटल भविष्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मानवाधिकार और शिक्षा पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिलेगा। डॉ० पंत ने कहा कि अनुष्का भट्ट और अपूर्वा भट्ट दोनों ही छात्राएं एनएसएस गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेती रही हैं और सामाजिक कार्यों में उनकी विशेष रुचि रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह अनुभव उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और वे भविष्य में समाज तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देंगी।
इस अवसर पर डॉ0 गीता पंत डॉ0 हिमानी डॉ0 सरस्वती बिष्ट डॉ0 प्रभा साह सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी ने स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं प्रेषित की।
