महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस
राजकीय महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में 79वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा द्वारा महाविद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर भव्य तिरंगा रैली निकालने से हुआ। इस रैली में एनसीसी, एनएसएस, नमामि गंगे, रेंजर, आज़ादी का अमृत महोत्सव, एंटी ड्रग समिति के साथ-साथ महाविद्यालय की विभिन्न छात्राओं, शिक्षकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। नगर की गलियों में तिरंगा लहराता रहा और देशभक्ति गीतों की गूंज से पूरा माहौल प्रफुल्लित हो उठा।
महाविद्यालय परिसर में लौटने के उपरांत प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा सभी उपस्थितजन राष्ट्रगान के साथ एक स्वर में तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद शौर्य दीवार पर वीर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और साथ ही पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा निदेशक महोदय के संदेश का वाचन प्राचार्य के द्वारा किया गया।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा ने कहा, स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि यह हमें अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। नशे से दूर रहें, राष्ट्रहित में कार्य करें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध रहें।
इसके उपरांत छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य एवं कविताओं ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान सेल्फी विद तिरंगा अभियान भी संचालित हुआ, जिसमें उपस्थित जनों ने तिरंगे के साथ उत्साहपूर्वक तस्वीरें लीं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ0 विभा पांडे एवं डॉ0 श्वेता बिश्नोई द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय का वातावरण देशभक्ति, उत्साह और एकता के संदेश से सराबोर रहा।
