छात्राओं ने श्रमदान करके चलाया सामुदायिक अभियान

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

 

हल्द्वानी, गौरव जोशी।

“एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम पर महिला महाविद्यालय में नमामि गंगे, एनएसएस एवं रेंजर के तत्वाधान में रैली, शपथ एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया।प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा स्वयं मां सरस्वती प्रांगण में रंगाई-पुताई कार्य में जुटीं और कहा कि अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान रखने वाला यह महाविद्यालय प्रदेश का एकमात्र राजकीय महिला महाविद्यालय है, जो हर अभियान में अग्रणी भूमिका निभाता है।
नोडल अधिकारी नमामि गंगे एवं एनएसएस प्रभारी डॉ0 रितुराज पंत ने बताया कि भारत सरकार के आह्वान पर “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम पर यह अभियान आयोजित किया गया। नगर आयुक्त सुश्री ऋचा सिंह के निर्देशन में छात्राओं ने नगर के जेल रोड, नयारा पेट्रोल पम्प और कलावती चौराहे पर सामुदायिक स्वच्छता कर जागरूकता का संदेश दिया। इससे पूर्व नगर आयुक्त द्वारा सभी छात्राओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
महाविद्यालय की छात्राओं ने परिसर से एक जागरूकता रैली नगर के विभिन्न स्थानों में निकाली, जिसने पूरे अभियान को महा अभियान का रूप दे दिया।
इस दौरान रेंजर इकाई की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। रेंजर प्रभारी डॉ0 विद्या कुमारी ने कहा कि “रेंजर हमेशा समाज सेवा और अनुशासन के लिए तत्पर रहती हैं। इस अभियान से छात्राओं ने सामुदायिक जिम्मेदारी को समझा और उसे निभाया।”
इसी प्रकार एनसीसी इकाई ने भी अभियान में सक्रिय योगदान दिया। एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ0 रेखा जोशी ने कहा कि “एनसीसी कैडेट्स का लक्ष्य राष्ट्र सेवा और अनुशासन है। स्वच्छता अभियान के जरिए उन्होंने यह दिखाया कि स्वच्छता भी राष्ट्र रक्षा का ही एक हिस्सा है।”

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों ने एनएसएस वाटिका में रंग-रोगन कार्य किया और “मां के नाम एक पेड़” अभियान के तहत गोद लिए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार, छात्राएं, रेंजर, एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवक एकजुट होकर स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्य को साकार करने में जुटे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ0 गीता पंत ने किया। इस अवसर पर डॉ0 फकीर, डॉ0 हिमानी, डॉ0 प्रभा साह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply