बिहार में विपक्षी गठबंधन को जंगराज में विश्वास: शाह

दिल्ली दिल्ली लाइव राजधानी राष्ट्रीय

नई दिल्ली, नीलू सिंह। बिहार में विपक्षी गठबंधन को जंगलराज में विश्वास है। वहीं एनडीए ने राज्य को सुरक्षित बनाने का काम किया है। गुजरात के भावनगर में गुरुवार को भाजपा के नए जिला मुख्यालय के उद्धाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ये बात कही। गृह मंत्री शाह ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव मुद्दों पर लड़ा गया। विपक्ष जंगलराज में विश्वास करता रहा। भाजपा ने बिहार को सुरक्षित राज्य बनाने पर काम किया है। अंत में जनता ने एनडीए को ऐतिहासिक जनादेश देकर चुनाव में बड़ी जीत दिलाई। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री ने कहा एक ओर कांग्रेस अवैध अप्रवासियों का समर्थन कर रही थी। वहीं भाजपा सिर्फ बिहार में ही नहीं पूरे देश से अवैध प्रवासियों को पहचानकर वापस निकाल रही है। हाल में राज्यों के विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत पर उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना जनादेश दे रही है। प्रधानमंत्री मोदी जनता के हितों में नीतियां बना रहे हैं और उसके लिए निरंतर काम कर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि जनता भाजपा के साथ है। गृह मंत्री ने कहा कि पुरानी सरकारें दूसरे देशों की नीतियों को कॉपी कर बिना दिमाग लगाए देश में लागू करती रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी सत्ता में आए तो उन्होंने जनता की जरूरतों को करीब से समझा और उसके हिसाब से नीतियां तैयार कीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था हुआ करता था। अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। भारत निरंतर प्रगति के पथ पर है। गृह मंत्री ने कहा कि पार्टी की शुरुआत जनसंघ से हुई तब से पार्टी विचारधारा और मजबूत संगठन के आधार पर काम कर रही। दूसरी पार्टियां नेतृत्व के आधार पर काम करती हैं। सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता-केंद्रित पार्टी है। हमने आज तक इस संस्कृति को बचाए रखा है। गुजरात में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जितनी मेहनत कर ले उसे बिहार जैसी हार का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply