Who will wear Bihar’s crown? The decision comes today

दूसरा चरण : बिहार में चुनाव प्रचार समाप्त

पटना बक्सर बिहार लाइव भागलपुर भोजपुर मुख्य समाचार सासाराम

पटना, राजेंद्र तिवारी। बिहार में विधानसभा के दूसरे चरण का चुनाव प्रचार रविवार की शाम समाप्त हो गया। इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मंगलवार 11 नवम्बर को मतदान होगा। इस चरण में पश्चिम एवं पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, नवादा एवं जमुई जिलों में मतदान होना है।
रविवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों के स्टार प्रचारकों ने अपने दल एवं गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में जमकर चुनाव प्रचार किये। इस चरण के मतदान को लेकर पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे जिलों सहित अन्य जिलों में सुरक्षा की चाक – चौबंद व्यवस्था की गई है। सशस्त्र सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है और हर बूथ पर इनकी तैनाती की गई है। दूसरे चरण में 3 करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता वोट देंगे। इनमें 1,95,44,041 पुरुष, 1,74,68,572 महिला एवं 943 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण के चुनाव वाले क्षेत्रों में सात विधानसभा क्षेत्रों एवं 1202 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही मतदान होगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थित इन संवेदनशील बूथों पर मतदान के समय में एक घंटे की कमी की गई है जबकि अन्य सीटों एवं बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। आयोग ने बताया कि चैनपुर, रजौली (सु), गोविंदपुर, सिकंदरा (सु), जमुई, झाझा एवं चकाई विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक ही मतदान होगा। वहीं, कटोरिया (सु) विधानसभा क्षेत्र के 121, बेलहर के 140, चेनारी (सु) के 62, गोह के 25, नवीनगर के 26, कुटुंबा (सु) के 169, औरंगाबाद के 57, रफीगंज के 125, गुरुआ के 12, शेरघाटी के 48, इमामगंज (सु) के 361, बाराचट्टी (सु) के 36 तथा बोधगया (सु) के 20 बूथों पर भी शाम पांच बजे तक ही मतदान होगा। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) विनोद सिंह गुंजियाल ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि वैसे बूथ जहां मतदान की अवधि में परिवर्तन हुआ है, इसकी सूचना मतदाताओं तक पहुंचाएं । दूसरे चरण में तीन विधानसभा सीटों पर सर्वाधिक 22-22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। तो, छह विधानसभा सीटों पर न्यूनतम 5-5 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। सर्वाधिक उम्मीदवार वाले सीटों में कैमूर में चैनपुर, रोहतास में सासाराम और गया जी में गया शहर सीट शामिल है। वहीं, सबसे कम उम्मीदवार वाले छह सीटों में पश्चिमी चंपारण का लौरिया, चनपटिया, पूर्वी चंपारण के रक्सौल, सुगौली, सुपौल के त्रिवेणीगंज एवं पूर्णिया का बनमनखी सीट शामिल है। इस चरण की सभी 45,399 बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से चुनाव आयोग और बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा नजर रखी जाएगी। शहरी क्षेत्र में 5326 और ग्रामीण क्षेत्र में 40,073 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 45,388 सामान्य बूथ एवं 11 सहायक बूथ शामिल हैं। इस चरण में महिलाओं द्वारा संचालित 595, दिव्यांगजनों द्वारा संचालित 91, मॉडल मतदान केंद्र 316 हैं।

Leave a Reply