नई दिल्ली, देव कुमार। संसद के मानसून सत्र में पहले सप्ताह की अधिकांश कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ जाने के बाद अगले सप्ताह ऑपरेशन सिंदूर पर दोनों सदनों में चर्चा होगी। लोकसभा में सोमवार से और राज्यसभा में मंगलवार से बहस शुरू होगी। दोनों सदनों में सरकार की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बहस की शुरुआत करेंगे। चर्चा में गृह मंत्री अमित शाह व विदेश मंत्री एस जयशंकर भी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी किसी एक सदन में चर्चा में हस्तक्षेप करने की संभावना है। लोकसभा में विपक्ष से चर्चा की शुरुआत कांग्रेस नेता राहुल गांधी कर सकते हैं। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को कहा कि मानसून सत्र के पहले सप्ताह में विपक्ष ने संसद में क्या किया सारे देश ने देखा है। सरकार शुरू से ही चर्चा की बात कर रही थी, लेकिन विपक्ष को केवल सदन नहीं चलने देना था। सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की विपक्ष की सभी मांगे मानी। बीएसी में भी चर्चा की। अब अगले सप्ताह दोनों सदनों में चर्चा होगी। रिजिजू ने कहा कि विपक्ष ने अलग-अलग मांग की है। इस पर सरकार ने साफ किया है कि नियम कानून के तहत चर्चा होगी। एक साथ सारे मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकती है। पहले ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के बाद अगला विषय क्या होगा, आगे तय होगा। संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष यह तय नहीं कर सकता है कि सरकार की तरफ से कौन बोलेंगे। दोनों सदनों में 16-16 घंटे चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि उनकी दोनों सदनों में विपक्ष के नेताओं राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खरगे से जस्टिस वर्मा व अन्य मुद्दों पर भी बात हुई है। सूत्रों के अनुसार लोकसभा में सरकार की ओर से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर चर्चा में हिस्सा लेंगे। लोकसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, निशिकांत दुबे समेत कई सांसद भी बहस में हिस्सा लेंगे। राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, जे पी नड्डा, सुधांशु त्रिवेदी समेत कई सांसद हिस्सा लेंगे। सभी दलों को पर्याप्त मौका दिया जाएगा। लोकसभा में मंगलवार को और राज्यसभा में बुधवार को चर्चा पर जवाब दिया जाएगा। सत्तापक्ष व विपक्ष दोनों ही इस मुद्दे पर पूरी तैयारी में जुटे हैं। जहां विपक्ष सरकार को घेरने के मुद्दे पर एकजुट है, वहीं सत्तापक्ष भी कांग्रेस को उसके अतीत की याद दिलाएगा और उसके नेताओं पर निशाना साधेगा।
