बिहार में फिर एनडीए सरकार, मैं नीतीश कुमार…

आरा गया छपरा पटना बक्सर बिहार लाइव भागलपुर भोजपुर मुख्य समाचार सासाराम

पटना, राजेंद्र तिवारी। बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बन गई है। गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मुहम्मद खां ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत 26 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। इस मौके पर मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश समेत नवनिर्वाचित सभी मंत्रियों को बधाई दी।
नीतीश सरकार के जिन 26 मंत्रियों का शपथग्रहण हुआ उनमें भाजपा के 14, जदयू के आठ, लोजपा (आर) के दो और हम (से) और रालोमो के एक-एक मंत्री शामिल रहे। इसमें तीन महिलाएं हैं। नीतीश कैबिनेट के पिछले मंत्रियों में 19 को इस बार मौका नहीं मिला है। जबकि, दस नये चेहरे को मंत्री बनाया गया है। वहीं, पिछली सरकार के 14 फिर मंत्री बनाए गए हैं।
शपथ लेने वालों में मुख्यमंत्री समेत चार विधानपार्षद हैं। जबकि, उपेन्द्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश इस समय किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। शेष सभी विधायक हैं। दस विधायक ऐसे हैं जो पहली बार मंत्री बने हैं। दो महिला पहली बार मंत्री बनी हैं। इनमें से एक रमा निषाद तो पहली बार विधायक बनते ही मंत्री बन गयी। जबकि दूसरी बार जीतकर आईं अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह को भी जगह दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ठीक 11.30 बजे मुख्य मंच पर पहुंचे। इसके बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां की अनुमति के बाद मुख्य सचिव ने 11.31 बजे शपथग्रहण समारोह की शुरुआत की। राज्यपाल की अनुमति से मुख्य सचिव ने मंत्रियों की नियुक्ति की अधिसूचना पढ़ी। फिर राज्यपाल ने मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्रियों को शपथ दिलायी। नीतीश कुमार के अलावा सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा ने अलग-अलग शपथ ली। इसके बाद अन्य मंत्रियों को छह-छह के समूह में शपथ दिलायी गयी। इससे पहले सुबह सात बजे से ही गांधी मैदान में लोगों का आगमन शुरू हो गया। इस अवसर पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये थे। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। यहां तक कि आस-पास के भवनों के ऊपर भी सुरक्षा बल के जवान तैनात थे। सुबह आठ बजे तक भाजपा, जदयू, लोजपा (आर), हम (से) और रालोमो के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गांधी मैदान पहुंच चुके थे। सुबह 9 बजे से नेताओं का आना प्रारंभ हो गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित बड़ी संख्या में केन्द्रीय मंत्री, 15 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मौजूद थे। ऐसा पहली बार हुआ जब किसी मुख्यमंत्री के शपथग्रहण समारोह में गांधी मैदान में प्रधानमंत्री का आगमन हुआ। गौरतलब है कि विधानसभा में सदस्यों की संख्या के 15 फीसदी के नियमानुसार नीतीश कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 36 मंत्री हो सकते हैं। गुरुवार को सीएम समेत 27 मंत्रियों ने शपथ ली। लिहाजा, नौ पद अभी भी रिक्त हैं। एनडीए ने 202 सीटें जीती हैं। ऐसे में सामान्यतया छह विधायकों पर एक मंत्री का कोटा मिलना है। तय मापदंडों के अनुसार भाजपा को 16, जदयू को 15, लोजपा (आर) को तीन और हम (से) व रालोमो को एक-एक की हिस्सेदारी मिलनी है। भाजपा के 14 मंत्री हो चुके हैं। ऐसे में तय कोटे के आधार पर शेष नौ में उसके दो मंत्री और हो सकते हैं। जदयू के 9 मंत्री हुए हैं, उसके कोटे के छह स्थान रिक्त हैं। लोजपा (आर) के कोटे का एक पद रिक्त है।

Leave a Reply