हलद्वानी, गौरव जोशी। झूलाघाट में छत्तीसगढ़ के एसएसबी जवान का शव मिलने से हड़कंप गया। बताया जा रहा है कि नेपाल सीमा से लगे क्षेत्र जमतड़ी बीओपी में ड्यूटी पर तैनात शिवपाल का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को पैतृक गांव के लिए भेज दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि रात में जवान का पैर फिसलने के दौरान यह हादसा हुआ होगा।
छत्तीसगढ़ राज्य के दिल्लीबंद जिला बिलासपुर निवासी शिवपाल (29) पुत्र इंद्रजीत यहां एसएसबी की 55वीं वाहिनी में जवान था। शिवपाल 2021 में बतौर कांस्टेबल एसएसबी में भर्ती हुआ था। इन दिनों वह नेपाल सीमा से लगे क्षेत्र जमतड़ी बीओपी में ड्यूटी पर तैनात था। गुरुवार सुबह पीटी परेड में शामिल नहीं होने पर जवान की खोजबीन शुरू की गई। छह बजकर 20 मिनट के आसपास जवान का शव बीओपी के समीप ही सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। वड्डा चौकी प्रभारी आशीष रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया। रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर जवान का शव पड़ा था, उसके समीप ही शौचालय है। इसके अलावा इस स्थान में मोबाइल नेटवर्क होने की वजह एसएसबी के जवान अक्सर अपने परिजनों से बात करने के लिए यहां जाते रहते हैं। संभावना जताई जा रही है कि जवान तड़के सुबह या रात में या तो शौचालय के लिए आया होगा या फिर मोबाइल पर स्वजनों से बात करने के लिए उस क्षेत्र में आया होगा, तभी उसका पैर फिसल गया और उसकी मौत हो गई।
