नई दिल्ली, देव कुमार। ईरान के मशहद से 290 भारतीय छात्रों को लेकर एक विमान शुक्रवार देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। विमान से आने वाले छात्रों में अधिकांश जम्मू-कश्मीर के हैं।
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों को निकालने के लिए ‘ऑपरेशन सिंधु’ शुरू किया है। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने एक बयान में भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर हस्तक्षेप और समर्थन के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि यह उन परिवारों के लिए बहुत बड़ी राहत है, जो बेसब्री से अपने बच्चों की वापसी का इंतजार कर रहे थे। यह निकासी अभियान ईरान और इजरायल के बीच कई दिनों तक चली हवाई बमबारी और जवाबी हमलों के बाद शुरू हुआ। इससे पहले गुरुवार को 110 भारतीय छात्रों को आर्मेनिया और दोहा होते हुए दिल्ली लाया गया था। बता दें कि ऑपरेशन सिंधू के माध्यम से कुल लगभग 1,000 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जाएगा।
वहीं ईरान ने एक हजार भारतीय नागरिकों को सुरक्षित भारत पहुंचाने के लिए अपना एयर स्पेस खोल दिया है। ईरान के मशाद शहर से तीन विशेष विमान भारतीयों को लेकर जल्द लौटेंगे। जानकारी के पहला विशेष विमान शुक्रवार देर रात दिल्ली पहुंच सकता है, वहीं दो विमान शनिवार को आएंगे। भारत स्थित ईरानी दूतावास के उप- प्रमुख मो. हुसैनी ने बताया भारतीयों की वापसी के लिए अगर जरूरत पड़ी तो और विमानों का संचालन किया जाएगा। हुसैनी ने कहा कि भारतीय लोग हमारे अपने हैं। ईरान का एयरस्पेस बंद है लेकिन लोगों की सुरक्षित घर वापसी के लिए एयरस्पेस को खोला गया है। उन्होंने बताया कि एक हजार भारतीयों जिसमें अधिकतर छात्र हैं उनको तेहरान से कोम और फिर वहां से मशाद लाया गया है। मालूम हो कि भारत ने ईरान में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए ‘ऑपरेशन सिंधु’ चला रखा है।
