एकता, अनुशासन और सेवा भाव ही सच्ची श्रद्धांजलि है : डॉ. वर्मा

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार वाराणसी

केवि 39 जीटीसी में उत्साह से मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
वाराणसी, राजेंद्र तिवारी।
पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया गया। यह दिवस भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के रूप में हर वर्ष मनाया जाता है, जिन्होंने स्वतंत्र भारत की एकता और अखंडता की नींव रखी थी। विद्यालय परिसर इस अवसर पर देशभक्ति के रंग में सराबोर दिखा।
कार्यक्रम का आरंभ प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. वर्मा ने अपने संबोधन में सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरदार पटेल ने उस समय असंभव प्रतीत होने वाले कार्य को संभव किया था। उन्होंने छोटी-बड़ी सैकड़ों रियासतों को भारत की एकता के सूत्र में पिरोकर इस देश को एक मजबूत राष्ट्र का स्वरूप दिया। आज हमें यह स्मरण रखना चाहिए कि स्वतंत्रता की रक्षा केवल सीमाओं की सुरक्षा से नहीं, बल्कि एकता और अनुशासन से होती है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करनी चाहिए बल्कि एकता, अनुशासन और सेवा भाव जैसे गुणों को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। प्राचार्य ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए यह विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन राष्ट्र निर्माण की भावना को और सशक्त बनाएंगे। इसके पश्चात् विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता प्रतिज्ञा का सामूहिक वाचन किया। छात्रों ने देशभक्ति गीत एवं भाषण प्रस्तुत किए, जिनमें एकता, सद्भावना एवं राष्ट्रप्रेम का भाव स्पष्ट झलक रहा था। अंत में, प्राचार्य ने सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस मौके पर शिक्षक एच.एन. त्रिपाठी, शालिनी मिश्रा, स्काउट प्रभारी नीरज पांडे तथा अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply