हल्द्वानी, गौरव जोशी। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की समन्वयक प्रो0 शिवांगी चन्याल ने ग्राम पनियाली में महिला महाविद्यालय, हल्द्वानी द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयंसेवियों से संवाद कर उनकी गतिविधियों की समीक्षा की और उनके प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान प्रो0 चन्याल ने स्वयंसेवियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और उसकी महत्ता के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एनएसएस युवाओं को समाज सेवा के प्रति जागरूक बनाता है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सामाजिक जागरूकता अभियानों में अधिक से अधिक सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ0 रितुराज पंत ने जानकारी दी कि शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
इनमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। स्वयंसेवियों ने स्थानीय ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए रैलियों, नुक्कड़ नाटकों और कार्यशालाओं का भी आयोजन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 गीता पंत, डॉ0 हिमानी चंद्र, शेखर भट्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्वयंसेवियों की सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।