केंद्रीय विद्यालय की शिक्षिकाएं सम्मानित, सशक्त नारी पर बल

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय वाराणसी

वाराणसी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षिकाओं और महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं की समाज में भूमिका, उनके अधिकार और समानता पर विचार-विमर्श किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने कहा कि एक सुंदर और समतामूलक समाज के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा, महिलाओं का सर्वांगीण विकास ही एक प्रगतिशील समाज की पहचान है। जब एक नारी शिक्षित और सशक्त होती है, तो पूरा परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त बनता है।


वरिष्ठ शिक्षिका शालिनी मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाओं को हर क्षेत्र में समानता का अधिकार देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को केवल घर की चारदीवारी तक सीमित न रखकर उनके कौशल और क्षमताओं को पहचानने की आवश्यकता है। शिक्षा और आत्मनिर्भरता ही महिला सशक्तिकरण की कुंजी है। उप-प्राचार्य अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए महिलाओं का आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक सशक्तिकरण बेहद जरूरी है। महिलाएं केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि एक समर्थ नेतृत्वकर्ता भी हैं। अन्य शिक्षिकाओं ने भी महिलाओं की प्रगति, चुनौतियों और उनके समाधान पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाओं सहित अन्य महिला कर्मचारियों को प्राचार्य डॉ. वर्मा ने स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *