भारत-सऊदी अरब संबंध रणनीतिक स्तर पर प्रगाढ़ हुए हैं: प्रधानमंत्री

दिल्ली लाइव मुख्य समाचार राजधानी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि हाल के वर्षों में भारत और सऊदी अरब के बीच संबंधों ने रणनीतिक स्तर पर प्रगाढ़ता और गति हासिल की है।
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा से पहले अपने वक्तव्य में प्रधानमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब के साथ अपने लंबे और ऐतिहासिक संबंधों को भारत बहुत महत्व देता है। दोनों देशों ने रक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से लाभकारी और ठोस साझेदारी विकसित की है।
मोदी ने कहा कि क्षेत्रीय शांति, समृद्धि, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए हमारी साझा रुचि और प्रतिबद्धता रही है। उन्होंने कहा कि यह देश की उनकी तीसरी और ऐतिहासिक शहर जेद्दा की पहली यात्रा होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह 2023 में मोहम्मद बिन सलमान की भारत की अत्यधिक सफल राजकीय यात्रा के बाद अपनी इस यात्रा और स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप काउंसिल की दूसरी बैठक में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। मोदी ने क्राउन प्रिंस सलमान के लिए ‘मेरे भाई’ संबोधन का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि वह सऊदी अरब में भारतीय समुदाय से जुड़ने के लिए भी उत्सुक हैं, जो दोनों देशों के बीच जीवंत पुल के रूप में लगातार काम कर रहा है और सांस्कृतिक एवं मानवीय संबंधों को मजबूत करने में बहुत बड़ा योगदान देता है। प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी अरब की अपनी दो दिवसीय यात्रा से पहले एक साक्षात्कार में सऊदी अरब को भारत के सबसे मूल्यवान साझेदारों में से एक बताया। उन्होंने इसे एक विश्वसनीय मित्र और सहयोगी करार देते हुए कहा कि वर्तमान समय उनके संबंधों के लिए आशाजनक समय है, जिसमें असीमित संभावनाएं हैं। मोदी ने कहा कि भारत और सऊदी अरब न सिर्फ अपने लिए बल्कि पूरे विश्व की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए एक साथ आगे बढ़ते रहेंगे। मोदी ने कहा कि दोनों देश द्विपक्षीय निवेश संधि पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और जीसीसी (खाड़ी सहयोग परिषद) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते में भारत और सऊदी अरब तथा पूरे क्षेत्र के बीच आर्थिक संबंधों को बदलने की क्षमता हैं। उन्होंने इस साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सऊदी नेतृत्व की प्रशंसा की और निमंत्रण के लिए क्राउन प्रिंस को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध मानसूनी हवाओं की तरह बहुत पुराने हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध न केवल वैश्विक चुनौतियों से बचे रहे, बल्कि संबंधों में मजबूती भी आई है। उन्होंने कहा कि 2014 में उनके पदभार संभालने के बाद से उनके संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और 2019 में रणनीतिक साझेदारी परिषद का गठन एक प्रमुख मील का पत्थर है। मोदी ने कहा कि उन्हें सऊदी दृष्टिकोण 2030 और भारत के विकसित भारत दृष्टिकोण 2047 के बीच समानताएं नजर आईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *