लंदन। ब्रिटेन की 27 वर्षीय क्लो राइसबेक ने पिछले 20 सालों से कोई भी फल या सब्ज़ी नहीं खाई। इसका कारण एक दुर्लभ बीमारी ‘ओरल एलर्जी सिंड्रोम बताई गई है। इस बीमारी में फल-सब्जियों से एलर्जी इतनी गंभीर होती है कि खाने से जान भी जा सकती है।
क्लो को यह एलर्जी तब हुई जब वो 7 साल की थी। स्कूल में पीच (आड़ू) खाने के बाद उसके होंठ सूज गए और गला खुजाने लगा। धीरे-धीरे यह एलर्जी बढ़ती गई और सेब, कीवी, बादाम जैसी कई चीजें भी इसकी सूची में शामिल हो गईं। डॉक्टरों ने उसे चेतावनी दी कि गलती से भी कोई एलर्जी वाली चीज खाने पर एनाफिलेक्टिक शॉक आ सकता है। इसमें गंभीर एलर्जी हो सकती है। इसके बाद क्लो का खाने से डर बढ़ता गया और वो केवल साधारण भोजन जैसे पास्ता, चावल, मांस-मछली और डेयरी उत्पाद ही खाती हैं। वह सप्लीमेंट्स के जरिए विटामिन्स की कमी पूरी करती हैं। क्लो कहती हैं कि उन्हें खाने से डर लगता है, क्योंकि हर बार यह खतरा बना रहता है कि कोई अनजाना तत्व उनकी जान ले सकता है। उन्होंने कहा कि मैं जानती हूं कि यह एलर्जी जीवनभर साथ रहेगी, लेकिन मैं डर को हराने की कोशिश करूंगी।
