लखनऊ। राजेन्द्र तिवारी
लखनऊ का सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान और बुलंदशहर का राजकीय मेडिकल कालेज अब पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर होगा। दिवंगत नेता के सम्मान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह निर्णय गुरुवार को लिया।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि उ.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय कल्याण सिंहजी का पूरा जीवन जन-कल्याण को समर्पित रहा है। यूपी सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, बुलंदशहर एवं सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान, लखनऊ का नामकरण स्व. कल्याण सिंह के नाम पर करने का निर्णय लिया गया है। सच्चे रामभक्त को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। इससे पहले प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर तक जाने वाली सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग रखने का ऐलान किया था। इसके अलावा लखनऊ, अलीगढ़, एटा, बुलंदशहर और प्रयागराज में भी एक-एक सड़क का नाम कल्याण सिंह के नाम पर रखने का भी ऐलान हो चुका है। बताया जा रहा है कि योगी सरकार कुछ और प्रोजेक्ट का नामकरण कल्याण सिंह के नाम पर कर सकती है। इसमें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। अलीगढ़ में कल्याण सिंह के नाम पर कुछ परियोजनाओं का नामकरण हो सकता है। इन दोनों प्रोजेक्ट का शिलान्यास व लोकार्पण अगले महीने कराने की तैयारी है।
