विस्फोट के सभी दोषियों को शिकंजे में लें : शाह

दिल्ली दिल्ली लाइव राजधानी राष्ट्रीय

नई दिल्ली, नीलू सिंह। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली धमाके के मद्देनजर मंगलवार को दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए दो उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में अधिकारियों को धमाके के हर दोषी को तलाशने का निर्देश दिया है। सूत्रों ने कहा कि जिस कार में विस्फोट हुआ उसमें सवार व्यक्ति संभवतः जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी डॉ. उमर था। संभवतः वह उस आई 20 कार का अंतिम खरीदार भी था। पुलिस ने डीएनए नमूने एकत्र कर लिए हैं, और विस्फोट में प्रयुक्त विस्फोटकों की प्रकृति की फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।

गृह मंत्री अमित शाह ने सुबह ग्यारह बजे आवास पर बैठक की। इसमें केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी निदेशक तपन डेका, दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और एनआईए महानिदेशक सदानंद बसंत दाते शामिल हुए। जम्मू- कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए। दोपहर तीन बजे उन्होंने कर्तव्य भवन स्थित गृह मंत्रालय कार्यालय में बैठक ली। इसमें भी यही अधिकारी शामिल हुए। गृह मंत्री ने कहा है कि शीर्ष जांच एजेंसियां ​​विस्फोट की जांच कर रही हैं और वे घटना की तह तक जाएंगी। सूत्रों ने कहा कि दिल्ली की घटना को केंद्र सरकार ने बड़ी चुनौती के रूप में लिया है। इस मामले में जैश ए मोहम्म्द के टेरर माड्यूल सहित विभिन्न कड़ियों को खंगाला जा रहा है। संदिग्धों की धरपकड़ भी शुरू हो गई है। गृह मंत्री ने फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) को निर्देश दिया है कि धमाके में इस्तेमाल कार से जो शव बरामद किया गया है उसके सैंपल का मिलान किया जाए। उन्होंने एफएसएल को निर्देश दिया है कि सैंपल की विस्तृत जांच के बाद जितनी जल्दी हो सके नतीजों के साथ उनको जानकारी देने आएं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि एनआईए को घटना की पूरी जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द देने का निर्देश दिया है। इसके अलावा अधिकारियों को घटना में शामिल हर दोषी की तलाशने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इस कृत्य में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को कड़ी सजा का सामना करना पड़ेगा। गृह मंत्रालय ने बताया कि धमाके के बाद एजेंसियों को जिस तरह से इनपुट मिले हैं उससे बड़ी आतंकी साजिश का संकेत मिला है। इसलिए आतंक की धाराओं में मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई है। इस मामले में अहम कड़ियों को जोड़ने के लिए कश्मीर से लेकर फरीदाबाद तक सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। बैठक के दौरान शीर्ष अधिकारियों ने विस्फोट के बाद की स्थिति की विस्तृत जानकारी गृह मंत्री को दी है।

Leave a Reply