नई दिल्ली, नीलू सिंह। नितिन नवीन ने मंगलवार को भाजपा के नए अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं ने निर्वाचन की घोषणा तथा निर्वाचन समारोह के बाद नवीन को उनके नए कार्यालय में अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया और उनका अभिनंदन किया। इससे पहले राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी ने पार्टी कार्यालय परिसर में नवीन को उनके निर्वाचन का प्रमाणपत्र सौंपा। नितिन नवीन भाजपा की मिशन 2047 की राजनीति का चेहरा बनकर सामने आए हैं। उनके स्वागत भाषण में प्रधानमंत्री ने नवीन को युवा ऊर्जा और संगठन में व्यापक अनुभव वाला एक ‘मिलेनियल’ बताया, जो पार्टी के लिए बहुत मददगार साबित होगा। साफ है, नवीन को बड़े मिशन के लिए जुटना है और उनको भाजपा के साथ एनडीए को भी बढ़ाना और मजबूत करना है। खुद नवीन ने भी साफ किया है कि वह चाहते हैं कि युवा राजनीति में आएं और इसके लिए वह प्रयास भी करेंगे। भाजपा के राजनीतिक और संगठनात्मक इतिहास में 20 जनवरी का दिन ऐतिहासिक रहा। 45 साल के युवा नितिन नवीन ने देश-दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की कमान संभाली। नवीन ने निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्थान लिया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और अन्य लोग भाजपा मुख्यालय में मौजूद रहे। नवीन भाजपा के 12वें अध्यक्ष बने। सुर्खियों से दूर रहने वाले नवीन ने 14 दिसंबर को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद बिहार सरकार में कानून और न्याय, शहरी विकास और आवास मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा मुख्यालय में सुबह से ही जश्न का माहौल था। देशभर, खासकर बिहार से कार्यकर्ता सुबह ही पहुंच गए थे। 10 बजे के बाद देशभर के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी मुख्यालय पहुंचना शुरू किया। प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचने पर नितिन नवीन और जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री भाजपा दफ्तर की प्राचीर पर नवीन के साथ पहुंचे और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। यहां से मोदी नवीन को पार्टी मंच पर लेकर आए। चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने नवीन का स्वागत किया। जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद नितिन नवीन ने अपना पहला संबोधन दिया और युवाओं से राजनीति में आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन के बाद मोदी समेत सभी वरिष्ठ नेता नवीन को अध्यक्ष के कक्ष में लेकर गए और उन्हें अध्यक्षीय आसन पर बिठाया और स्वागत किया। यहां पर ही मोदी ने नितिन नवीन के परिजनों, उनकी पत्नी एवं बच्चों से भी मुलाकात की। नितिन नवीन के बेटे नैतिक ने स्केच की हुई मोदी की तस्वीर प्रधानमंत्री को भेंट की।
