नई दिल्ली । इस साल पांच लोगों को भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा हुई है। बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर, पूर्व उप प्रधानमंत्री एलके आडवाणी के बाद शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, और मशहूर वैज्ञानिक डॉक्टर एमएस स्वामीनाथन को भी भारत रत्न से सम्मानित करने का केंद्र सरकार ने ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दो पूर्व प्रधानमंत्रियों एवं मशहूर वैज्ञानिक स्वामीनाथन को भारत रत्न देने का ऐलान किया। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, साथ ही हरित क्रांति के जनक स्वामीनाथन शामिल हैं। पिछली बार 2019 में सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, भूपेंद्र कुमार हजारिका (मरणोपरांत) और नानाजी देशमुख (मरणोपरांत) भारत रत्न प्रदान किया गया था। वर्ष 2020 से 2023 के बीच सरकार ने किसी हस्ती को भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया था। भारत रत्न के लिए प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रपति को सिफारिश की जाती है। भारत रत्न से अब तक कुल 53 हस्तियों को नवाजा जा चुका है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक बयान जारी कर रहा है कि इन प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भारत रत्न (मरणोपरांत) से सम्मानित करते हुए उन्हें प्रसन्नता हो रही है। सरकार इस साल अब तक पांच व्यक्तियों को भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा कर चुकी है। गौरतलब है कि देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के तहत राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित एक सनद (प्रमाण पत्र) और एक पदक प्रदान किया जाता है। इस सम्मान में कोई धनराशि नहीं दी जाती है। भारत रत्न सम्मान एक वर्ष में तीन व्यक्तियों को 2019, 1997, 1992, 1991, 1955 और 1954 में दिया गया था। जबकि एक साल में दो व्यक्तियों को 2015, 2014, 2001, 1998, 1990, 1963 और 1961 में दिया गया था। हालांकि कई साल यह सम्मान किसी को भी प्रदान नहीं किया गया था। गौरतलब है कि देश में सबसे पहले यह प्रतिष्ठित सम्मान डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन, सी राजगोपालाचारी, और चंद्रशेखर वेंकटरमन को प्रदान किया गया था। इस पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वालों में जवाहरलाल नेहरू, राजेंद्र प्रसाद, जाकिर हुसैन, लाल बहादुर शास्त्री, अबुल कलाम आजाद, इंदिरा गांधी, मदर टेरेसा, विनोबा भावे, डॉक्टर बीआर आंबेडकर, नेल्सन मंडेला, राजीव गांधी, वल्लभभाई पटेल, मोरारजी देसाई, एपीजे. अब्दुल कलाम, जयप्रकाश नारायण, लता मंगेशकर, सचिन तेंदुलकर, अटल बिहारी वाजपेयी और मदन मोहन मालवीय सहित कई हस्तियां शामिल हैं।
