बरेली में दो पक्षों में फयरिंग में लेखपाल समेत चार पर गिरी गाज

उत्तरप्रदेश लाइव बरेली राज्य समाचार

लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। राजपुर कला गांव में 44 बीघा जमीन के मालिकाना हक को लेकर शनिवार को दो गुटों में हुई फायरिंग में पांच लोगों के घायल होने पर डीएम और एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए हलका दरोगा, सिपाही और कानूनगो व लेखपाल को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही अलीगंज इंस्पेक्टर को भी वहां से हटा दिया गया है। मामले में अलीगंज पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। राजपुर कला गांव में अलीगंज-सिरौली मार्ग पर स्थित 44 बीघा जमीन को लेकर परिवार के ही प्यारे लाल और सूरजपाल सिंह गुट में रंजिश चल रही है। हालांकि मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन इसके बावजूद प्यारेलाल गुट के सुरेंद्र, रविंद्र, वीरेश, बल्लू प्रेमी शनिवार को ट्रैक्टर लेकर जमीन की जुताई करने पहुंच गए। मामले की जानकारी होने पर सूरजपाल के बेटे दीपक, अन्नु, विक्रम और नन्हे साथियों के साथ उन्हें रोकने पहुंचे। कहासुनी के बाद दोनों गुट आपस में भिड़ गए। उनके बीच कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक गुट के सुरेश, वीरेश, अनूप और दूसरे गुट के राहुल और अतुल घायल हो गए। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रभांशु यादव, प्रमोद कुमार, हरीश यादव, अरविंद यादव, धर्मवीर और प्रेमपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दीपक यादव, अरविंद यादव, विक्रम यादव, प्रमोद यादव, अभिषेक उर्फ गप्पू, आशीष उर्फ पप्पू, प्रभांशु उर्फ सोनू, राजन, प्रिंस यादव, सचिन, अतुल यादव, राहुल, सुभाष, हरीश यादव, रतन सिंह, सोनू और दूसरे पक्ष की तहरीर पर सुरेश, वीरेश पाल, ऋषिपाल, प्रेमपाल, सुरजीत, धर्मवीर, दुष्यंत, संजीव, मुकेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दो पक्षों में हुई फायरिंग की घटना की जांच में प्रथम दृष्टया क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को दोषी पाया गया। भूमि विवाद की जांच के समय उन्होंने संपूर्ण तथ्यों को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में नहीं लाया। इस पर एसडीएम ने लेखपाल को निलंबित कर दिया। वहीं अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही मानते हुए कानूनगो वेदप्रकाश भास्कर के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की रिपोर्ट डीएम को भेजी। इस पर डीएम ने कानूनगो को भी निलंबित कर दिया। वहीं दोनों पक्ष में चल रहे विवाद के बाद भी किसी भी पक्ष पर निरोधात्मक कार्रवाई न करने और लापरवाही बरतने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने हलका दरोगा मनोज कुमार और बीट हेड कांस्टेबल शहनवाज को निलंबित कर दिया। इसके अलावा इंस्पेक्टर राजितराम को थाने से हटाकर क्राइम ब्रांच भेजा गया है।

 

Leave a Reply