दिल्ली आतंकी हमले में अल-फलाह विवि पर छापा

दिल्ली मुख्य समाचार

नई दिल्ली, नीलू सिंह। दिल्ली आतंकी हमले के बाद से आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई जा रही है। फरीदाबाद की अल- फलाह यूनिवर्सिटी पर जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को ईडी ने यूनिवर्सिटी के ओखला स्थित कार्यालय के साथ 25 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि ईडी ने सुबह पांच बजे दिल्ली और दूसरे स्थानों के 25 ठिकानों पर छापेमारी की। ये ठिकाने यूनिवर्सिटी के ट्रस्टी, परिवार से जुड़े सदस्यों और अन्य लोगों से संबंधित हैं। इस दौरान अधिकारियों ने अल- फलाह यूनिवर्सिटी के ओखला स्थित कार्यालय में छापेमारी कर साक्ष्य जुटाए हैं। ईडी की कार्रवाई देर रात तक जारी रही। सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं जिनके आधार पर जिम्मेदारों से पूछताछ की जाएगी। मालूम हो दिल्ली धमाके और फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल में अबतक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें कई डॉक्टर हैं। यूनिवर्सिटी के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान ईडी ने वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी एकत्र की। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े लोगों द्वारा किए गए लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। सूत्रों का कहना है कि वित्तीय अनियमितता के मामले में ये कार्रवाई हुई है। एजेंसी मामले में धन शोधन और शेल कंपनियों के आधार पर जांच कर रही है जिससे पुरानी कड़ियों को जोड़ा जा सके। ईडी की टीम यूनिवर्सिटी से जुड़ी नौ शेल कंपनियों की जांच में जुटी है जो एक ही पते पर पंजीकृत हैं। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामलों में यूनिवर्सिटी के मुख्य अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। ईडी अधिकारी हर छोटे लेदने के डाटा का विश्लेषण कर रहे जिससे पता चले कि पैसा कहां से कहां गया और कहां से आया। इसके अलावा जिन्हें पैसा दिया गया वो कौन लोग हैं। हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने मंगलवार को फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी का दौरा किया। यहां उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जांच में किसी स्तर की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने फरीदाबाद के आयुक्त और उपायुक्त के साथ बैठक करते हुए कहा कि जो फैकल्टी घटना के बाद से लापता है उन्हें जल्द पकड़ा जाए। उन्होंने छात्रों से कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है।

Leave a Reply