बलिया की शक्ति दुबे ने टॉप की सिविल सेवा परीक्षा

राष्ट्रीय

नई दिल्ली। संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा- 2024 में प्रयागराज की शक्ति दुबे को पहला स्थान मिला है। आयोग ने मंगलवार को परिणाम जारी किया। दूसरा स्थान हर्षिता गोयल जबकि तीसरा स्थान डोंगरे अर्चित पराग को मिला है।
आयोग के अनुसार 2845 प्रतिभागियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। इसमें से 1009 प्रतिभागियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए चुना गया है। परीक्षा पास करने वालों में 725 पुरुष और 284 महिलाएं हैं। शीर्ष पांच में तीन महिलाएं और दो पुरुष जबकि शीर्ष 25 में चौहद पुरुष और 11 महिलाएं हैं। सामान्य श्रेणी के 335, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 109, पिछड़ा वर्ग से 318, अनुसूचित जाति से 160 और अनुसूचित जनजाति से 87 प्रतिभागियों को कामयाबी मिली है। परीक्षा पास करने वालों में 45 दिव्यांगजन भी हैं। इसमें 12 लोगों को हाथ- पैर की अपंगता, आठ लोग दृष्टि बाधित, 16 लोग सुनने संबंधी समस्याओं और कई तरह की अपंगताओं से जूझ रहे नौ लोगों ने परीक्षा पास की है। मालूम हो कि केंद्र सरकार ने घोषणा की थी कि प्रशासनिक पदों के लिए कुल 1129 पद खाली हैं। इसमें 180 पद आईएएस, 55 आईएफएस, 147 आईपीएस, अन्य केंद्रीय सेवाओं में 605 जबकि ग्रुप-बी की सेवा में 142 पद खाली थे। शक्ति दुबे ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमेस्ट्री में स्नातक की पढ़ाई की है। राजनीतिक शास्त्र और अंतरराष्ट्रीय संबंध विषय से परीक्षा दी और कामयाबी हासिल की है। हर्षित गोयल ने एमएस यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से बी-कॉम किया है। वैकल्पिक विषयों में इन्होंने भी राजनीतिक शास्त्र अंतरराष्ट्रीय संबंधों विषय से परीक्षा पास की है। अर्चित पराग ने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बी-टेक किया है। फिलॉस्फी इनका वैकल्पिक विषय था। शाह मार्गी चिराग को चौथी और आकाश गर्ग को 5वीं रैंक मिली है। चिराग ने अहमदाबाद के गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। आकाश ने दिल्ली के गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है। शीर्ष 25 में शामिल सफल अभ्यर्थियों की पढ़ाई देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों जैसे आईआईटी, एनआईटी, जेएनयू, दिल्ली यूनिवर्सिटी और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से हुई है। इन्होंने एंथ्रोपोलॉजी, कॉमर्स, भूगोल, गणित, जैसे विषयों को विकल्प के रूप में चुना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *